HomeBiharरोहतास में “सहयोग शिविर” का उद्घाटन, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए...

रोहतास में “सहयोग शिविर” का उद्घाटन, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मंत्री अशोक चौधरी

लाइव सिटीज, रोहतास: बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री एवं रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने आज रोहतास जिले में बिहार सरकार द्वारा आयोजित “सहयोग शिविर” का उद्घाटन किया तथा विभिन्न पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।

“सबका सम्मान – जीवन आसान” संकल्प के तहत आयोजित यह सहयोग शिविर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को राज्य की सभी पंचायतों में आयोजित किया जाएगा।

रोहतास आगमन के दौरान अरवल एवं रोहतास जिले के एनडीए कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने डॉ. अशोक चौधरी का गर्मजोशी से स्वागत किया।

अपने दौरे की शुरुआत करते हुए प्रभारी मंत्री ने नासरीगंज प्रखंड की परसिया पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके पश्चात उन्होंने नोखा प्रखंड की चनकी पंचायत, संझौली प्रखंड के चांदी इंग्लिश पंचायत तथा सासाराम प्रखंड की करूप पंचायत में आयोजित शिविरों में शामिल हुए।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के उपरांत लाभार्थियों को राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, राजस्व विभाग की रसीदें तथा बैटरी चालित ट्राइसाइकिल वितरित की गईं। साथ ही दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी मंत्री डॉ. अशोक चौधरी के कर-कमलों द्वारा संपन्न कराया गया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि सहयोग पोर्टल के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर पूरी तरह गंभीर है तथा मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदनों का निष्पादन नहीं होने पर संबंधित अधिकारी स्वतः निलंबित हो जाएँगे।

उन्होंने कहा कि “आज सरकार वास्तव में जनता के द्वार तक पहुंच रही है। पंचायत स्तर पर ही लोगों के आवेदनों का निष्पादन किया जा रहा है, जिससे आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।”

डॉ. चौधरी ने बताया कि रोहतास जिले में अब तक 36 विभागों से संबंधित कुल 2021 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1457 आवेदनों (लगभग 70 प्रतिशत) का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही लंबित आवेदनों की संख्या नगण्य रह जाएगी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री होने के नाते, विकास एवं यहां के नागरिकों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

दौरे के समापन पर डॉ. अशोक चौधरी ने जिला अतिथिगृह में एनडीए के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक एवं विकासात्मक विषयों पर चर्चा की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक रौशन सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष बिंदा चंद्रवंशी, प्रदेश महासचिव रंजीत कुमार झा, नागरिक परिषद सदस्य अमरेश चौधरी, जदयू नेत्री अरूणा देवी, श्रीमती प्रमिला सिंह, जदयू नेता ओम प्रकाश सिंह सेतु, परिमल राज, अशोक पटेल, मनोरंजन गिरी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments