HomeBiharकैबिनेट में 18 मंत्री वंशवादी, इनसे कोई उम्मीद नहीं', सम्राट चौधरी के...

कैबिनेट में 18 मंत्री वंशवादी, इनसे कोई उम्मीद नहीं’, सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल पर तेजस्वी यादव ने किया तीखा प्रहार

लाइव सिटीज, पटना: आरजेडी नेता और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी की कैबिनेट पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अपराधियों को संरक्षण देती है। इसके अलावा उन्होंने बिहार की नई सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में परिवारवाद का भी आरोप लगाया।

तेजस्वी यादव ने कहा कि यह एक ऐसी सरकार है जो अपराधियों को संरक्षण देती है। जब इनके अपने मुख्यमंत्री पर ही पहले से कई गंभीर आरोप हैं, तो आप भला और क्या उम्मीद कर सकते हैं? हमने पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि इस सरकार में कुल 18 ऐसे मंत्री हैं जो वंशवादी हैं। सिर्फ वंशवादी और अपराधी इस मंत्रिमंडल में हैं।

उन्होंने आगे कहा, ‘आप समझ सकते हैं कि बिहार में हालात कैसे हैं। इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है। न कोई विन है, न कोई रोडमैप। दिन भर बस फोटोशूट चलते रहते हैं। आप समझ सकते हैं कि बिहार में सरकार कैसे चलाई जा रही है। चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, गैस में किल्लत आदि को लेकर लोगों में गुस्सा है। लोगों से गाड़ी और सोना नहीं खरीदने की अपील की जा रही है।

तेजस्वी यादव कहते हैं, ‘ये लोग हमें पुराने दौर में वापस ले जाना चाहते हैं। यह सरकार हमें बैलगाड़ी वाले जमाने में वापस खींचना चाहती है। हमने पहले ही कहा था कि चुनाव के बाद सरकार महंगाई बढ़ाएगी, और ठीक वैसा ही हुआ। चुनाव खत्म हो गए, लोगों को ठग लिया गया। बिहार का खजाना खाली कर दिया गया। इस सरकार से क्या ही उम्मीद की जाए?’

आरजेडी नेता ने ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का जिक्र करते हुए आगे कहा कि बिहार में अब केवल चेन ही नहीं, बल्कि पूरी-पूरी दुकानें तक लूटी जा रही हैं। आए दिन खुलेआम गोलियां चलती हैं और व्यापारियों की निर्मम हत्या कर दी जाती है। प्रशासन द्वारा ‘ब्लैकआउट’कराया गया, यह एक अच्छी पहल हो सकती है। लेकिन मैं सरकार से यह पूछना चाहता हूं कि आखिर आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए बंकर कब बनाए जाएंगे? यह सरकार अगर आम जनता के लिए बंकर न भी बनाए, तो भी अपनी सुरक्षा के लिए जरूर बना लेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments