HomeBiharभवन निर्माण विभाग को मिली नई मंत्री, लेशी सिंह ने संभाली जिम्मेदारी

भवन निर्माण विभाग को मिली नई मंत्री, लेशी सिंह ने संभाली जिम्मेदारी

लाइव सिटीज, पटना: बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने आज विश्वेश्वरैया भवन,पटना स्थित सचिवालय में विधिवत रुप से पदभार ग्रहण किया | विभाग के सचिव कुमार रवि ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर विधिवत रूप से मंत्री लेशी सिंह का स्वागत किया | पदभार ग्रहण करने के उपरांत विभागीय सचिव समेत वरिष्ठ अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

मंत्री लेसी सिंह ने पदभार ग्रहण उपरांत आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से कहा कि हमारे आदर्श पुरुष नेता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें बिहार सरकार में उद्योग विभाग, समाज कल्याण विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग तथा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री पद पर दायित्व देने पश्चात भवन निर्माण विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है ये मेरे लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रीमंडल में मुझे कार्य करने का अवसर मिला है इसके लिए मैं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हृदय से आभार प्रकट करती हूँ |

मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि भवन निर्माण विभाग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाना उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विभाग राज्य के विकास एवं आधारभूत संरचना निर्माण का महत्वपूर्ण स्तंभ है, इसलिए सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाने चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बिहार सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े भवन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। परियोजनाओं से जुड़े निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए

मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित किया है अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में भवन निर्माण विभाग को नयी उच्चाई पर ले जाना मेरा लक्ष्य होगा | विभाग के सभी अधिकारी एवं अभियंता पूरी ईमानदारी, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता पूर्ण कार्य के लिए सामाजिक भागीदारी को भी बल दिया जायेगा ताकि आम लोग योजनाओं का प्राक्कलन एवं कार्य में लगने वाले निर्माण सामग्री की उचित जानकारी प्राप्त कर विभाग को सहयोग प्रदान करेंगे |

मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने विभागीय कार्यों में तकनीक आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने एवं कार्यों में तेजी लाने के लिए आधुनिक प्रणाली अपनाई जाएगी।

बैठक के अंत में मंत्री लेशी सिंह ने सभी अधिकारियों एवं अभियंताओं से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य की जनता को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, और इस दिशा में भवन निर्माण विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments