लाइव सिटीज, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है. नए मंत्रियों को गांधी मैदान में आयोजित एक शपथ ग्रहण समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. सम्राट चौधरी के विशाल मंत्रिमंडल को देखें तो इसमें जहां पुराने चेहरों को स्थान दिया गया है, वहीं कई नए चेहरे भी देखने को मिल रहे हैं. इस नई टीम में एक साथ तीन पूर्व सीएम के बेटों को भी शामिल किया गया है.
सम्राट कैबिनेट में बिहार के तीन मुख्यमंत्रियों के पुत्रों को भी स्थान दिया गया है. पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र निशांत को भी पहली बार मंत्री बनाया गया है. वह न तो विधानसभा के सदस्य हैं और न ही विधान परिषद के.
पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संस्थापक जीतनराम मांझी के पुत्र संतोष कुमार सुमन को फिर से मंत्री बनाया गया है. उनको भी सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है. वह नीतीश मंत्रिमंडल में भी शामिल थे. संतोष सुमन विधान परिषद के सदस्य हैं.
इसके अलावे पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के बेटे नीतीश मिश्रा को भी इस मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है. नीतीश पहले भी बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं. हालांकि पिछली सरकार में उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया था. वह झंझारपुर से बीजेपी के विधायक हैं.
