लाइव सिटीज, सासाराम: रोहतास जिला के दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव में एक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 1 व्यक्ति करगहर के भगवानपुर का रहने वाला है. जबकि बाकी 4 लोग दिनारा के मठिया गांव के रहने वाले हैं. सभी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार ये सभी लोग चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव से तिलक चढ़ाकर अपने गांव मठिया लौट रहे थे. जैसे ही वे बस से उतरकर सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.
बताया जा रहा है कि पीछे से आ रही एक कंटेनर ट्रक ने पहले पास की एक पिकअप वैन को टक्कर मार दी और उसके बाद बस से टकराते हुए सामने मौजूद 5 लोगों को रौंद दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही सभी की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया. एक ही परिवार के कई लोगों की जान जाने से गांव में मातम पसरा है
मृतकों में शादी होने वाली लड़की के पिता अशोक सिंह भी शामिल हैं. उनके अलावा पिंटू सिंह और रजनीश सिंह की भी मौत हो गई है. वहीं करगहर के भगवानपुर निवासी रामव्रत सिंह की भी इस हादसे में जान चली गई.अशोक सिंह की बेटी का तिलक चढ़ाकर सभी लोग चेनारी गए हुए थे. वहां से लौटने के दौरान घर के पास ही यह दुर्घटना हो गई.
