लाइव सिटीज, पटना: मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद सम्राट चौधरी ने शराबबंदी से लेकर घुसपैठिये और बिहार के विकास पर क्या करने वाले हैं, तमाम सवालों पर उन्होंने अपना पक्ष रखा. सीएम स्पष्ट कर दिया कि बिहार में आगे भी शराबबंदी जारी रहेगी. होम डिलीवरी पर आने वाले दिनों में कड़ा और बड़ा एक्शन होगा.
घुसपैठिए को लेकर सम्राट चौधरी ने कहा कि 22 लाख घुसपैठियों की पहचान हो गई है. हमने उनका आधार कार्ड उड़ा दिए हैं. ऐसे लोगों को अब यहां से जाना पड़ेगा. सरकार इनके खिलाफ एक्शन लेगी. उन्होंने कहा कि एसआईआर में जिनका नाम काटा है, सब पर कार्रवाई की तैयारी है.
सीएम ने कहा कि नवंबर में जब एनडीए सरकार का एक साल पूरा हो जाएगा, तब तक 5 लाख करोड़ निवेश लाने का हम लोगों ने लक्ष्य रखा है. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ी लकीर खींची है. उस लकीर को पार करना संभव नहीं है लेकिन कुछ अलग जरूर करेंगे.
भ्रष्टाचार को लेकर सम्राट चौधरी ने कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति रहेगी और मुख्यमंत्री कार्यालय से इसकी समीक्षा की जाएगी. बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने ये भी कहा कि जल्द जनता दरबार की तरह कार्यक्रम शुरू करेंगे लेकिन उसका नाम कुछ और होगा.
