HomeBiharमानसून से पहले जलजमाव पर डीएम का एक्शन, लापरवाही हुई तो दर्ज...

मानसून से पहले जलजमाव पर डीएम का एक्शन, लापरवाही हुई तो दर्ज होगी FIR

लाइव सिटीज, पटना: मानसून की बारिश अक्सर राहत से ज्यादा आफत लेकर आती है, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने चेतावनी दी है कि शहर में जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए सभी विभाग अगले दो महीनों के भीतर अपने काम पूरे कर लें.

डीएम ने स्पष्ट किया है कि जलनिकासी के कार्यों में किसी भी तरह की शिथिलता या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सीधे FIR दर्ज की जाएगी. पटना को डूबने से बचाने के लिए बुडको, नगर निगम, मेट्रो और पथ निर्माण विभाग को एक साथ मिशन मोड में काम करने का टास्क सौंपा गया है.

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बैठक में बताया कि पटना नगर निगम के सभी 75 वार्डों को 19 विशेष जोन में विभाजित किया गया है. मानसून के दौरान जैसे ही कहीं पानी भरने की सूचना मिलेगी, तुरंत ‘क्विक रिस्पांस टीम’ (QRT) मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालेगी. इसके साथ ही शहर के प्रमुख नालों की सफाई का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है.

डीएम ने निर्देश दिया है कि नालों के ऊपर से अतिक्रमण हटाया जाए ताकि पानी का बहाव रहे. बिजली विभाग को भी अलर्ट रहने को कहा गया है ताकि भारी बारिश के दौरान पंपिंग स्टेशनों की बिजली न कटे और जलनिकासी निरंतर जारी रहे.

बाढ़ और जलजमाव की दोहरी मार से बचने के लिए डीएम ने 15 जून की डेडलाइन तय की है. इस तारीख से पहले जिले के सभी तटबंधों की मरम्मत और उनकी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश इंजीनियरों को दिया गया है. जिलाधिकारी स्वयं क्षेत्रों का भ्रमण कर पूर्व तैयारियों का जायजा लेंगे.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments