लाइव सिटीज, पटना: जदयू में निशांत कुमार के एंट्री पर नीतीश कुमार के करीबी और बिहार सरकार में ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री अशोक चौधरी का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा है कि निशांत कुमार जदयू में नहीं आना चाहते थे। उन्हें लाया गया। मुख्यमंत्री भी ऐसा नहीं चाहते। मगर कार्यकर्ताओं की भावना थी कि पार्टी को बांध कर रखने के लिए निशांत को लाना जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि आगे निशांत कुमार के नेतृत्व में सभी जदयू नेता काम करेंगे। निशांत पार्टी में आने के बाद से काफी सक्रिय हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार के बाद निशांत कुमार के नेतृत्व में जदयू के नेता और कार्यकर्ता काम करेंगे। यह भी कहा कि सब मिलकर निशांत कुमार को ताकत देंगे।
अशोक चौधरी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि निशांत कुमार जदयू में आना नहीं चाहते थे। नीतीश कुमार का भी मन नहीं था। पर पार्टी को बांध कर रखने के लिए निशांत को लाना जरूरी था। कार्यकर्ताओं के आग्रह पर उन्होंने पार्टी में सदस्यता ली और सक्रिय भूमिका में हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग हैं पार्टी का नेता बनने के लिए। लेकिन हम लोग निशांत कुमार के नेतृत्व में काम करेंगे। कहा कि निशांत कुमार सबकी मांग पर आए हैं। वह आगे पार्टी को लीड करें, इसमें किसी को कोई दिक्कत नहीं है।
