लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. सीएम नीतीश कुमार से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक फैसल रहमान की मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं.
यह मुलाकात सीएम हाउस में हुई, जिसमें बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे. खास बात यह है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान फैसल रहमान की अनुपस्थिति को लेकर पहले ही सवाल उठ चुके हैं.
विधायक का कहना है कि यह मुलाकात उनके विधानसभा क्षेत्र ढाका के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए थी. जानकारी के अनुसार, आरजेडी विधायक फैसल रहमान ने अपने फेसबुक पेज पर नीतीश कुमार से मुलाकात की फोटो के साथ एक पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा कि ढाका क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर आज (2 अप्रैल) बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान क्षेत्र के चौमुखी विकास हेतु सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
फैसल रहमान ने आगे लिखा कि मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया तथा क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से ढाका के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा.
