लाइव सिटीज, पटना: लालू यादव के परिवार से जुड़ी एक भावुक कहानी इन दिनों चर्चा में है। राजद सुप्रीमो के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव का एक इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में तेज प्रताप अपने भतीजे, यानी Tejashwi Yadav के बेटे इराज के साथ खेलते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं।
करीब 2 मिनट 17 सेकेंड के इस वीडियो में चाचा-भतीजे की खूबसूरत बॉन्डिंग साफ दिखाई देती है। कभी तेज प्रताप इराज को गोद में उठाते हैं, तो कभी उसके साथ खेलते हुए हंसते-मुस्कुराते दिखते हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में ‘पापा मेरी जान’ जैसे इमोशनल गाने बज रहे हैं, जो इस पल को और भी भावुक बना देते हैं।
तेज प्रताप यादव ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर करते हुए एक दिल छू लेने वाला कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, “बेटा पापा का गर्व होता है, और पापा बेटे की सबसे बड़ी ताकत।” खास बात यह है कि उन्होंने अपने इस पोस्ट में अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को भी टैग किया, जिससे यह संदेश और ज्यादा मायने रखने लगा।
तेज प्रताप यादव ने अपने वीडियो में फिल्म एनिमल का चर्चित गाना ‘पापा मेरी जान’ और फिल्म सूर्यवंशम के इमोशनल ट्रैक का इस्तेमाल किया है। इन गानों के जरिए उन्होंने पिता-पुत्र और परिवार के मजबूत रिश्तों को दिखाने की कोशिश की है।
