लाइव सिटीज, पटना: बिहार में राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी हलचल के बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव AIMIM के इफ्तार पार्टी में पहुंचे. इस इफ्तार पार्टी का आयोजन एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान के आवास पर किया गया. राज्यसभा चुनाव को लेकर वोटिंग से ठीक एक दिन पहले AIMIM के इफ्तार में तेजस्वी का आना बड़ा संकेत माना जा रहा है.
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और RJD नेता तेजस्वी यादव ने राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “AIMIM पार्टी की ओर से अख्तरुल ईमान ने हमें इफ्तार का निमंत्रण दिया था, हम आज यहां इफ्तार में पहुंचे हैं. AIMIM पार्टी से हमने समर्थन मांगा है और मुझे भरोसा है कि कल जो राज्यसभा चुनाव होने जा रहा है, उसमें हम सभी धर्मनिरपेक्ष दल मिलकर बीजेपी को हराएंगे
आरजेडी ने राज्यसभा की एक सीट के लिए महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार एडी सिंह को मैदान में उतारा है. महागठबंधन के पास कुल विधायकों की संख्या 35 है. एआईएमआईएम के पांच विधायक हैं. रविवार को आयोजित इस इफ्तार पार्टी में IIP के इकलौते विधायक आईपी गुप्ता भी पहुंचे.. आईपी गुप्ता 2025 विधानसभा का चुनाव महागठबंधन के साथ मिलकर लड़े थे.
