लाइव सिटीज, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण का आज तीसरा दिन है. रात्रि विश्राम मधेपुरा में करने के बाद नीतीश कुमार आज हेलिकॉप्टर से सुबह 10 बजे पूर्णिया पहुंचेंगे. आज का दिन खास तौर पर महत्वपूर्ण है क्योंकि नीतीश आज मुस्लिम बहुल सीमांचल के दो प्रमुख जिलों पूर्णिया और कटिहार का दौरा करेंगे. राज्यसभा के लिए नामांकन के बाद निकली यह यात्रा सियासी नजरिए से भी काफी अहम मानी जा रही है.
पूर्णिया में नीतीश कुमार 321 करोड़ रुपये की लागत वाली 8 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे. साथ ही 164 करोड़ रुपये की 84 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे. इसके बाद वे मां पूरणदेवी मंदिर, डेयरी, मत्स्य और पशुपालन प्रशिक्षण केंद्र का दौरा करेंगे. इंदिरा गांधी स्टेडियम भी पहुंचेंगे जहां वे जीविका दीदियों और आम लोगों के साथ जनसंवाद करेंगे. स्टेडियम में ही मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे.
पूर्णिया के बाद नीतीश कुमार कटिहार के लिए रवाना होंगे. कटिहार में 181 करोड़ रुपये की 186 योजनाओं का शिलान्यास और 229 करोड़ रुपये की 257 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. CM विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और सीधे ग्रामीणों व लाभार्थियों से संवाद करेंगे. यानी आज के दौरे में पूर्णिया और कटिहार मिलाकर कुल करीब 895 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन होगा.
