लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र चल रहा है. शुक्रवार को फिर विधान परिषद के बाहर विपक्षी सदस्यों ने राज्य में बढ़ रहे अपराध को लेकर जमकर प्रदर्शन किया. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्षी सदस्यों ने सरकार पर कई तरह के आरोप लगाए और साफ-साफ कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर होती चली जा रही है. राबड़ी देवी ने बच्चियों के साथ हो रहे दुष्कर्म के मामलों को लेकर सरकार को घेरा.
बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि सरकार और अधिकारी भ्रष्ट हैं. छोटी-छोटी बच्चियों और महिलाओं के साथ हर जिले में लगातार दुष्कर्म हो रहा है. इसपर तो सरकार को लगाम लगाना चाहिए. साथ ही इस मुद्दे पर सरकार को जवाब भी देना चाहिए.
राबड़ी देवी ने कहा कि कोई जवाब देने के लिए तैयार नहीं है. जवाब भी गोलमटोल देकर निकल जाते हैं. रोज दिन ऐसे मामले हो रहे हैं,दुनिया और बिहार देख रहा है. यही राम राज्य है? राम राज्य में रोज हत्या हो रही है. छोटी-छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है, मार दिया जा रहा है. ये सब राम राज्य में हो रहा है?
राबड़ी देवी ने आगे कहा कि राम राज्य में यही सब होता है क्या? आए दिन हत्या, अपहरण और दुष्कर्म हो रहा है. किसी से छुपा हुआ है? वहीं उन्होंने शराबबंदी पर समीक्षा को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को देखना चाहिए कि बिहार में क्या हो रहा है. बिहार में लगातार शराब की बिक्री हो रही है और जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत भी हो रही है.
