लाइव सिटीज, रोहतास: रोहतास में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मोहनिया-आरा पथ पर सोहसा गांव के पास स्कूल बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में दो शिक्षकों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा छात्र और 4 शिक्षक घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, कैमूर जिले के चैनपुर स्थित मध्य विद्यालय बढ़ौना के 35 बच्चे और 6 शिक्षक शैक्षणिक भ्रमण पर पटना जा रहे थे। तभी रात करीब 12:30 बजे बस की तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरातफरी मच गई।
हादसे में जान गंवाने वाले शिक्षकों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के भैंसहर निवासी संजय कुमार राय और उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के माविहार थाना क्षेत्र के बगहवा गांव निवासी बीपीएससी शिक्षक पुनीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
