लाइव सिटीज, कटिहार: कटिहार जिले में कुर्सेला हाट बाजार में भीषण आग ने तबाही मचा दी. एनएच-31 किनारे स्थित इस हाट में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. अनुमान लगाया जा रहा है कि 150 से 250 तक दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं. आग की लपटें कई फीट ऊंची उठ रही थीं और धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था.
आग की शुरुआत कुर्सेला दुर्गा मंदिर के पास से बताई जा रही है, जहां कपड़ा, किराना, प्लास्टिक, मसाले और लकड़ी की दुकानें मौजूद हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक होटल में गैस सिलेंडर विस्फोट या शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसके बाद यह पूरे बाजार में भड़क गई. तेज हवाओं ने स्थिति को और भयावह बना दिया, जिससे दुकानदारों को सामान बचाने का मौका भी नहीं मिला.
आग लगते ही बाजार में चीख-पुकार मच गई. दुकानदार अपने दुकानों से सामान निकालने की कोशिश में जुट गए, लेकिन कई जगहों पर लपटें इतनी तेज थी कि लोग बेबस होकर सब कुछ जलते देखते रह गए. हाट में मौजूद कपड़ा और प्लास्टिक की दुकानों ने आग को और भड़का दिया.
