लाइव सिटीज, पटना: पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया है। सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसर को फिलहाल बंद रखा गया है और दोपहर बाद ही इसे खोले जाने की बात कही जा रही है।
टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने जानकारी दी कि कोर्ट का कामकाज बाधित न हो, इसके लिए पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर मौजूद हैं। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है ताकि किसी भी तरह की आशंका को खत्म किया जा सके।
यह सातवीं बार है जब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। लगातार मिल रही धमकियों से वकीलों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। जिला बार एसोसिएशन (DBA) ने हालात को देखते हुए आपात बैठक बुलाई है और कार्य बहिष्कार का फैसला लिया है।
