लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में लोकतंत्र के महापर्व का आज आगाज हो गया। पहले फेज के लिए आयोग ने बूथ पर शत प्रतिशत वेबकास्टिंग, नई मतदाता सूचना पर्ची (वीआईएस) की सुविधा और ईवीएम नेट ऐप के माध्यम से मतदान रिपोर्टिंग जैसे तकनीकी नवाचारों को लागू किया है। पहले चरण के लिए 121 सामान्य, 18 पुलिस और 33 व्यय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जिलों में मतदान हो रहा है।
इस चरण में कई बड़े चेहरे मैदान में हैं। तेजस्वी प्रसाद यादव राघोपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। डिप्टी CM सम्राट चौधरी तारापुर से और विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से मैदान में हैं। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सीवान से, जहां उनका मुकाबला पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी से है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भोरे से और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन बांकीपुर से ताल ठोंक रहे हैं। पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार बिहारशरीफ, जबकि ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार नालंदा से किस्मत आजमा रहे हैं। कुल 13 मंत्रियों की प्रतिष्ठा पहले चरण में दांव पर है
