लाइव सिटीज, पटना: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने दावा किया है कि उनके बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की जान को खतरा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी की हत्या की पहले भी चार बार कोशिश की जा चुकी है। राबड़ी देवी ने सरकार से उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
बिहार विधानसभा में गुरुवार को विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच हुए हंगामे के बाद अब प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आरोप लगाए हैं कि उनके पुत्र नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर चार बार जानलेवा हमला हो चुका है।
विधान परिषद के बाहर राबड़ी देवी ने भाजपा-जदयू पर आरोप लगाए और कहा कि भाजपा-जदयू से तेजस्वी को जान का खतरा है। तेजस्वी को जान से मारने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी पर अब तक चार बार जानलेवा हमला हो चुका है। उन्होंने दोनों दलों के लिए अपशब्द भी इस्तेमाल किए।
साथ ही राबड़ी देवी ने इसके साथ आरोप भी लगाया कि बिहार सरकार और चुनाव आयोग राज्य के चार करोड़ जनता से उनके वोट का अधिकार छीनने की साजिश कर रही है।उन्होंने कहा कि बिहार के चार करोड़ लोग दूसरे राज्यों में रहने को मजबूर है, क्योंकि यहां उनके लिए काम-धंधा नहीं है। इन तमाम लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश रची जा रही है।