HomeBiharबिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष का निधन, सीएम नीतीश ने व्यक्त की...

बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष का निधन, सीएम नीतीश ने व्यक्त की शोक संवेदना

लाइव सिटीज, पटना: वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व राज्यपाल धनिकलाल मंडल का 98 वर्ष की आयु में रविवार को पीजीआइ चंडीगढ़ में निधन हो गया। मंडल का पार्थिव शरीर सोमवार को पटना स्थित विधानसभा परिसर में लाया जाएगा। जहां गणमान्य लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मंडल का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव मधुबनी जिले के बेल्हा में होगा।

धनिकलाल मंडल का जन्म 30 मार्च 1932 को बिहार के मधुबनी जिले के बेल्हा में हुआ था। वह छात्र कांग्रेस के एक सक्रिय सदस्य थे और भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने के लिए दरभंगा के जिला स्कूल से निकाल दिए गए थे। आजादी के बाद वे समाजवादी आंदोलन में शामिल हो गए। कालेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे सक्रिय रूप से राजनीति में उतर गए।

1956 में सोशलिस्ट पार्टी आफ इंडिया के संस्थापक सदस्य थे। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, हरियाणा और राजस्थान के राज्यपाल भी रहे। मंडल के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

समाजवादी नेता धनिक लाल मंडल के निधन पर मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह एक लोकप्रिय राजनेता व कुशल प्रशासक थे। अपने व्यक्तित्व की बदौलत उन्होंने समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत रूप से दु:ख पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने धनिक लाल मंडल के पुत्र एवं विधायक भारत भूषण से फोन पर बात कर उन्हें सांत्वना दी।धनिक लाल मंडल का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि धनिक लाल मंडल के निधन से बिहार के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनके पुत्र भारत भूषण मंडल अभी राजद के विधायक तथा मधुबनी जिला राजद के अध्यक्ष हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home