HomeBiharबेगूसराय सांसद ने मुसलमानों को वक्फ बोर्ड पर दी नसीहत, अरविंद केजरीवाल...

बेगूसराय सांसद ने मुसलमानों को वक्फ बोर्ड पर दी नसीहत, अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी पर किया तीखा हमला

लाइव सिटीज, पटना: केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह आज बेगूसराय में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होने वक्फ बोर्ड को लेकर बड़ा बयान दिया। साथ ही मुसलमानों को नसीहत भी दे डाली। बेगूसराय सांसद गिरिराज ने कहा कि वक्फ बोर्ड संशोधन बिल को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। मदनी हों, ओवैसी हों, सारे मुल्ला अफवाह फैलाकर देश में एक सामाजिक विद्वेष पैदा कर रहे हैं।वक्फ बोर्ड में सरकार मुस्लिम महिलाओं की भागीदार और जमीन कब्जा करने की नीति में बदलाव करने जा रही है। मुस्लिमों से अपील करते हुए गिरिराज ने कहा कि मौलाना के चक्कर में मत पड़ो, तुम्हारे हक की लड़ाई है। तुम वक्फ बोर्ड के चेयरमैन बनोगे। वर्ना ये कभी तुम्हे बनने नहीं देंगे।

दरअसल, वक्फ बोर्ड संशोधन बिल के आने के बाद, मुसलमानों, मौलानाओं और मुस्लिम नेताओं द्वारा समर्थन जुटाने के लिए एक मुहिम चलाई जा रही है, जिसमें मेल के माध्यम से समर्थन हासिल किया जा रहा है। वहीं बीजेपी सांसद वक्फ बोर्ड बिल के समर्थन में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड भी बिल के विरोध में है। नीतीश कुमार की जेडीयू से भी विरोध करने की अपील की है।

वहीं अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के ऐलान पर भी केंद्रीय मंत्री ने तंज कसा, और कहा कि श्रीराम तो रावण और राक्षसों के नाश के लिए गए थे, तब भरत ने खड़ाऊं रखे थे। ये तो भ्रष्टाचार के लिए, शराब घोटाला, शिक्षा घोटाला, दवाई घोटाला के लिए जेल गए थे, क्या जवाब देंगे। केजरीवाल अपने मियां मिट्टू बन रहे हैं। लेकिन देश की जनता, दिल्ली और हरियाणा की जनता सब समझती है।

कांग्रेस सांसद राहुल पर एक बार फिर से गिरिराज सिंह ने हमला बोला, और कहा कि उनके जैसे लोग सामाजिक विद्वेष पैदा कर रहे हैं। आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, इसी वजह से विकास हो रहा है। अगर मोदी प्रधानमंत्री नहीं होते, राहुल सत्ता में होते तो कश्मीर से 370 धारा कभी नहीं हटती। बल्कि कश्मीर को राहुल गांधी पाकिस्तान में मिलाकर दम लेते और डोकलाम की जमीन चीन को दे देते। यह लोग सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home