HomeBiharबंगाल पंचायत चुनाव में हुई हिंसा के बहाने सुशील मोदी ने लालू...

बंगाल पंचायत चुनाव में हुई हिंसा के बहाने सुशील मोदी ने लालू -नीतीश को घेरा, कही ये बड़ी बात

लाइव सिटीज, पटना: पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में हुए हिंसा के बहाने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है.सुशील मोदी ने बयान जारी कर कहा है कि पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव में खुल कर बमबाजी,आगजनी और बूथ लूट की घटनाओं से लोकतंत्र लहूलुहान हो रहा हैं। 50 से ज्यादा लोगों की जान गई, लेकिन नीतीश कुमार चुप्पी साधे हुए हैं। बंगाल के हालात लालू-राबड़ी शासित बिहार की चुनावी हिंसा की याद ताजा कर रहे हैं।

सुशील मोदी ने कहा कि लालू राज में जब अंतिम बार पंचायत चुनाव हुए थे, तब 150 से अधिक लोग मारे गए थे।लालू राज में चुनावी हिंसा और बूथ लूट के बिना कोई चुनाव ही नहीं होता था। ऐसा भी चुनाव हुआ, जब बिहार सरकार के 12 मंत्री बूथलूट के आरोप में गिरफ्तार हुए थे।तत्कालीन चुनाव आयुक्त टीएन शेषन और बाद में आयोग के पर्यवेक्षक केजे राव की सख्ती से यहाँ चुनावी हिंसा पर लगाम लगी।

सुशील मोदी की मानें तो ममता बनर्जी और लालू प्रसाद के लिए बूथ लूट ही लोकतंत्र है। ईवीएम से लोकतंत्र मजबूत हुआ और बूथ लूट बंद हुई, इसलिए ये लोग इस पर सवाल उठाते हैं।उन्होंने कहा कि बंगाल में केवल भाजपा के नहीं, विपक्षी खेमे के दो प्रमुख दलों ( कांग्रेस, माकपा ) के कार्यकर्ता भी मारे जा रहे हैं। नीतीश कुमार में हिम्मत हो , तो ममता बनर्जी से बात कर हिंसा बंद करायें। उन्हें ममता राज में लोकतंत्र की हत्या नहीं दिखती।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments