HomeBiharरामनवमी पर राज्य में सुरक्षा सख्त, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर,...

रामनवमी पर राज्य में सुरक्षा सख्त, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर, असामाजिक तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई

लाइव सिटीज, पटना: रामनवमी को लेकर इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। 27 मार्च को पड़ने वाले रामनवमी के अवसर पर पूरे बिहार में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने व्यापक तैयारियां की हैं। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर पंकज दाराद ने सभी जिलों के एसपी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। राज्यभर में 18,822 नवनियुक्त प्रशिक्षु सिपाही, 5,100 होमगार्ड और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं। पटना में आरएएफ, जबकि दरभंगा और भागलपुर में एसएसबी की तैनाती की गई है। इससे साफ है कि प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

रामनवमी शोभायात्राओं को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी जुलूसों के लिए पूर्व निर्धारित मार्ग और अनिवार्य लाइसेंस लेना जरूरी कर दिया गया है। एडीजी ने यह भी कहा है कि यदि कहीं भी कोई सांप्रदायिक घटना होती है, तो संबंधित जिले के एसपी को खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालना होगा।

पुलिस मुख्यालय ने पिछले तीन वर्षों यानी 2023 से 2025 तक रामनवमी के दौरान हुई घटनाओं का विश्लेषण भी किया है। इसके आधार पर गया, रोहतास, नालंदा, दरभंगा, नवगछिया और खगड़िया जिलों को संवेदनशील माना गया है। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। फेसबुक, व्हाट्सएप और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहों को तुरंत रोकने और खंडन करने के लिए विशेष टीमें सक्रिय रहेंगी। प्रशासन का साफ संदेश है—त्योहार मनाएं, लेकिन शांति और भाईचारे के साथ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments