लाइव सिटीज, पटना: जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि एनडीए में सीटों का बंटवारा जल्द फाइनल हो जाएगा। एक सप्ताह के अंदर इस पर अंतिम निर्णय लेकर ऐलान कर दिया जाएगा। दावा किया कि एनडीए गठबंधन पूरी तरह से इन्टैक्ट है। सीटों को लेकर सहयोगी दलों के बीच कोई विवाद नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में इस बार विकास बनाम जंगल राज का चुनाव होने वाला है। आज बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है।
इधर एनडीए और महागठबंधन में सीट शेयरिंग का पैटर्न और उम्मदीवारों चेहरा फाइनल करने में जुट गए हैं। इसे लेकर संजय झा का बड़ा बयान आया है कि एक सप्ताह में सीट शेयरिंग का पूरा हिसाब किताब फाइनल कर लिया जाएगा। संजय झा ने यह भी कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति दुरुस्त है। यहां कोई नक्सली प्रभाव नहीं है। ऐसे में एक फेज में चुनाव कराया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बिहार के लोग बीस सालों में विकास की यात्रा कर चुके हैं। अब वे पीछे नहीं जाना चाहते। नीतीश कुमार पर लोगों का पूरा भरोसा है। उनके चार कार्यकाल में 2020 से 2025 में सबसे ज्यादा काम हुए। नौकरी, रोजगार से लेकर हेल्थ, एजुकेशन और अन्य क्षेत्रों में बड़े प्रोजेक्ट डिलिवर हुए। उन्होंने आगामी चुनाव में जीत का दावा किया। लोग जाति, धर्म से ऊपर उठकर काम पर मुहर लगाएंगे। आज पटना में मेट्रो चली। इससे पहले पूर्णिया प्लेन उड़ा। इसे बिहार की जनता देख रही है।
