लाइव सिटीज, पटना: बिहार की जन अधिकार पार्टी के मुखिय और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। पिछले दिन पप्पू यादव के पटना में लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव के साथ मुलाकात की तस्वीरें आई थीं। उसके बाद से चर्चाएं चल रही थीं कि पप्पू यादव अब INDI गठबंधन का हिस्सा बन सकते हैं। इसी बीच बुधवार को पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी ज्वॉइन कर ली है।
पूर्व सांसद पप्पू यादव ने कांग्रेस ज्वॉइन करने के साथ अपनी जन अधिकार पार्टी का भी विलय कर लिया है। 2015 में पप्पू यादव ने राष्ट्रीय जनता दल से निकाले जाने के बाद अपनी पार्टी बनाई थी। हालांकि लोकसभा चुनाव और राज्य के विधानसभा चुनाव में पप्पू यादव को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। अभी पप्पू यादव ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है और इस बार लोकसभा चुनाव भी लड़ सकते हैं।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद पप्पू यादव ने कहा कि मेरी विचारधारा हमेशा कांग्रेस की विचारधारा के करीब रही है। राहुल गांधी संघर्ष के प्रतीक हैं। उन्होंने देश के लिए एक उम्मीद जगाई है। पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस और लालू यादव मिलकर 2024 जीतेंगे और 2025 जीतेंगे। पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन भी कांग्रेस की नेता हैं और वो राज्यसभा सदस्य हैं।
बिहार के पूर्णिया में जन्मे पप्पू यादव ने 1990 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था। इसके बाद वो 5 बार सांसद बने। 2014 में मोदी लहर के बावजूद पप्पू यादव ने अपनी सीट पर जीत हासिल की थी। हालांकि 2019 में लोकसभा का चुनाव लड़ा और हार गए थे। इसके पहले 2015 में राष्ट्रीय जनता दल ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पप्पू यादव को बाहर कर दिया था। इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी बनाई थी।