लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम इन दिनों लगातार करवट बदल रहा है। कभी तेज धूप और बढ़ती गर्मी, तो कहीं हल्की बारिश और ठंडी हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों में कैमूर, बक्सर और रोहतास जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे इन क्षेत्रों में बढ़ते तापमान से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो डेहरी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, किशनगंज में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। कुछ जिलों में हल्की बारिश भी देखने को मिली है। वैशाली के राजापाकर और रोह में 4.4 मिमी बारिश हुई, जबकि नवादा के हिसुआ में 3.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
हवाओं की बात करें तो मधेपुरा जिले में 24 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली। वहीं, पूर्वी चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी में तेज हवा के साथ ठनका गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 4 अप्रैल से एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 6 अप्रैल को पूरे राज्य में आंधी, बारिश और ठनका गिरने की संभावना जताई गई है।
तापमान के ट्रेंड पर नजर डालें तो अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। हालांकि इसके बाद तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
