लाइव सिटीज, कैमूर: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव के समीप एक बड़ा हादसा हुआ है. पंडित दीनदयाल उपाध्याय गया रेलखंड पर स्थित भभुआ रोड रेलवे स्टेशन और मुठानी स्टेशन के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) ट्रैक पर घने कुहासे के कारण दो सगे भाइयों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई.
मृतकों की पहचान 24 वर्षीय प्रिंस कुमार और 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है. दोनों मदन साह के पुत्र हैं और बरेज गांव के निवासी हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों भाई सुबह खेत घूमने के लिए घर से निकले थे. रेलवे ट्रैक के एक तरफ गांव और दूसरी तरफ खेती होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों और किसानों का यहां रोजाना आना-जाना लगा रहता है.
मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि आज सुबह घने कोहरे की वजह से दृश्यता बहुत कम थी, जिसके चलते दोनों भाई तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन को देख नहीं पाए और उसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद ट्रैक पर खून से सनी हालत देख परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया.
