HomeBiharबिहार पंचायत चुनाव में वोटिंग के लिए नहीं लगेगी अलग-अलग लाइन, एक...

बिहार पंचायत चुनाव में वोटिंग के लिए नहीं लगेगी अलग-अलग लाइन, एक साथ छह वोट डाल सकेंगे मतदाता

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में होने वाले पंचायत चुनाव की तैयारी अब तेज हो गई है. माना जा रहा है कि ये चुनाव इस साल नवंबर-दिसंबर के बीच कराए जा सकते हैं. इस बार चुनाव में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, क्योंकि पहली बार मल्टी पोस्ट ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा. स्टेट इलेक्शन कमीशन बिहार ने इसको लेकर जिलों में तैयारी शुरू कर दी है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DRO) और अपर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (ADRO) की नियुक्ति कर दी गई है और सभी जिलों को नई व्यवस्था के अनुसार काम करने के निर्देश दिए गए हैं.

चुनाव के लिए हैदराबाद की इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड से बड़ी संख्या में मशीनें खरीदी गई हैं. इसमें 32200 कंट्रोल यूनिट और 193200 बैलेट यूनिट शामिल हैं. इसमें खास बात यह है कि एक मल्टी पोस्ट ईवीएम में एक कंट्रोल यूनिट के साथ छह बैलेट यूनिट जुड़ी होती हैं. मशीनों को सुरक्षित रखने के लिए भी खास व्यवस्था की जा रही है.

सभी जिलों को कहा गया है कि वेयरहाउस तय करें, जहां सिर्फ ईवीएम ही रखी जाएंगी. कोशिश होगी कि सरकारी भवनों का ही इस्तेमाल किया जाए. अगर जरूरत पड़ी तो आयोग की अनुमति से लीज पर भी गोदाम लिया जा सकता है, जिसकी अवधि कम से कम 15 साल होगी. इसके अलावा, खराब या डिफेक्टिव मशीनों के लिए अलग से जगह बनाने के निर्देश दिए गए हैं. फर्स्ट लेवल चेकिंग के बाद जो मशीनें सही नहीं होंगी, उन्हें अलग रखा जाएगा.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments