लाइव सिटीज, पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का सफल आगाज हो चुका है. पहले दिन बायोलॉजी, फिलॉसफी और इकोनॉमिक्स विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराई गई. अब परीक्षा के दूसरे दिन आज 3 फरवरी को राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर विज्ञान संकाय के छात्रों के लिए गणित और कला संकाय के छात्रों के लिए राजनीति शास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें विज्ञान संकाय के परीक्षार्थियों के लिए मैथमेटिक्स (गणित) विषय की परीक्षा होगी. वहीं, द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कला संकाय के छात्रों के लिए पॉलिटिकल साइंस (राजनीति शास्त्र) विषय की परीक्षा ली जाएगी. इसके साथ ही व्यावसायिक पाठ्यक्रम (वोकेशनल कोर्स) के छात्रों के लिए फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा भी दूसरी पाली में कराई जाएगी.
बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर समिति द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है. परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा. ऐसे में सभी परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके. विलंब से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
