लाइव सिटीज, पटना: बिहार के सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है. तेजप्रताप ने कहा कि उनका (नीतीश कुमार) मन कर रहा होगा आउट होने का तभी न आउट हो रहे हैं. बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर उन्होंने कहा कि ये तो डबल इंजन बताएगी.
जनता ने वोट दिया था, इस पर तेजप्रताप ने कहा, “जनता ने बिहार में बदलाव के लिए वोट दिया था. बदलाव तो कहीं नजर आ नहीं रहा है. अब खुद ही बदल गए. खुद ही मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़कर जा रहे हैं.
सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री और परिवारवाद के आरोपों पर उन्होंने कहा, “राजनीति में तो उनको शुरू से आना ही था. आ गए राजनीति में, जिसको जहां मन करेगा, वहां जाएगा.
गौरतलब है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले ने न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश को चौंका कर रखा दिया. रिकॉर्ड बहुमत से सरकार बनाने के बाद किसी ने सोचा नहीं था कि नीतीश कुमार अचानक सीएम पद छोड़ने का फैसला ले लेंगे. लेकिन जब पूरा देश होली के रंग में डूबा हुआ था, नीतीश कुमार ये फैसला ले चुके थे. उनके इस फैसले का पार्टी में ही विरोध हुआ.
