HomeBiharसंजय झा ने दरभंगा और सहरसा में नाव से जाकर बाढ़ पीड़ितों...

संजय झा ने दरभंगा और सहरसा में नाव से जाकर बाढ़ पीड़ितों की समस्या सुनी और कम्युनिटी किचेन का लिया जायजा, जानें क्या कहा

लाइव सिटीज, पटना: जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा बुधवार को पश्चिमी कोसी तटबंध के रास्ते दरभंगा जिले के किरतपुर प्रखंड अंतर्गत भुभौल गांव के पास हुए टुटान स्थल तक पहुंचे। वहां उन्होंने बाढ़ से प्रभावित गांवों का नाव से जायजा लिया, स्थानीय लोगों से मुलाकात कर कम्युनिटी किचेन और राहत कार्यों के संबंध में उनका फीडबैक लिया तथा उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।

इसके बाद संजय कुमार झा ने सहरसा जिले के महिषी विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी दौरा किया। इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी और महिषी के विधायक गुंजेश्वर साह भी साथ थे।

संजय कुमार झा ने बाढ़ राहत शिविरों का भ्रमण किया, कम्युनिटी किचेन में जाकर वहां बन रहे भोजन का निरीक्षण किया और खाना खा रहे लोगों से उनका फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के निर्देश पर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत शिविर के साथ-साथ कम्युनिटी किचेन का भी सफलता पूर्वक संचालन किया जा रहा है। कम्युनिटी किचेन के जरिये दोनों शाम तैयार भोजन मिलने से लोगों की मुश्किलें काफी हद तक कम हुई हैं। तटबंधों पर पक्की सड़क का निर्माण हो जाने से बाढ़ प्रभावित इलाकों तक सड़क मार्ग से पहुंचना संभव हो पा रहा है।

मुलाकात के दारान कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों ने बाढ़ के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायत की। इस संबंध में संजय कुमार झा ने अधिकारीगण से बात कर वहां जल्द-से-जल्द सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिये।

संजय कुमार झा ने कहा कि नेपाल में पिछले सप्ताह लगातार भारी बारिश के बाद नेपाल से आने वाली नदियों में प्रवाहित जलस्राव का पिछले कई दशकों का रिकार्ड टूट गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वरीय अधिकारियों के साथ उत्तर बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति की समीक्षा की थी और एसओपी के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये थे।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक आपदा की इस विकट घड़ी में एनडीए की केंद्र और राज्य सरकारें प्रभावितों की मुश्किलें कम करने तथा उन्हें जरूरी मदद पहुंचाने के लिए कंधे से कंधा मिला कर तत्परता से जुटी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments