लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर गोपाल गांव में गुरुवार को एक युवक का शव घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान लालू छपरा निवासी रामस्वरूप साह के 35 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है. सूरज कुमार वर्तमान में राजद विधायक शंकर राय के निजी चालक के पद पर कार्यरत था. शव पर गर्दन और हाथ में जख्म के निशान मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में हत्या की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार होली के त्योहार मनाने के लिए पिछले दो दिनों से छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था. गुरुवार को उसका शव घर के अंदर पाया गया, जिसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की पत्नी इस खबर से बेसुध हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. शव देखकर लोगों ने हत्या की आशंका जताई और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की. परिवार के सदस्यों का कहना है कि सूरज कुमार किसी विवाद में नहीं थे, लेकिन शव पर मिले जख्मों ने संदेह गहरा कर दिया है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा. एसडीपीओ गरिमा कुमारी ने बताया कि पारू थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और जांच जारी है.
