लाइव सिटीज, पटना: बिहार पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन नालंदा का तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को होगा। पर्यटन विभाग ने गुरुवार को बताया कि इसकी सारी प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई है। 19, 20 एवं 21 दिसंबर को मुख्य कार्यक्रम आरआईसीसी और राजगीर हॉकी मैदान के निकट खाली भूखंड में होगा। राजगीर महोत्सव में तीन दिनों तक विश्व प्रसिद्ध कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव के सफल आयोजन के लिए पर्यटन विभाग तथा नालंदा प्रशासन ने तैयारियां की हैं। बेहतर विधि व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम रहेंगे। समारोह स्थल पर अच्छी लाइटिंग, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, स्टॉल, कृषि मेला, व्यंजन मेला, महिला महोत्सव, सद्भावना मार्च, तांगा तथा पालकी सज्जा, साफ-सफाई, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को राजगीर महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद समेत कई बड़े लोग मौजूद रहेंगे। उद्घाटन के बाद सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत शंख ध्वनि और सर्वधर्म मंगलाचरण से होगी।
