लाइव सिटीज, पटना: बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने आज बांका जिले के बेलहर विधानसभा और मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल, संवेदनशील एवं दूरदर्शी नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उन्हें बिहार के समग्र विकास का सूत्रधार बताया।। यह कार्यक्रम हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा ग्रामीण कार्य विभाग की विभिन्न महत्त्वपूर्ण योजनाओं के कार्यारंभ के उपरांत आयोजित किए गए, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल निर्माण कार्यों को गति देना नहीं, बल्कि विकास की रोशनी को गाँव-गाँव और टोला-टोला तक समावेशी रूप से पहुँचाना है, ताकि राज्य के प्रत्येक नागरिक को सुशासन और सतत विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
अपने संबोधन में अशोक चौधरी ने कहा कि आज बिहार में जो चहुंमुखी विकास स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, वह महज़ आँकड़ों की कहानी नहीं है। यह सब कुछ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के जनकेंद्रित विज़न, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और वित्तीय अनुशासन का ठोस और प्रमाणिक परिणाम है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नीतीश जी की सोच केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकास का ऐसा मॉडल है जो प्रत्येक अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य करता है — यही ‘न्याय के साथ विकास’ की असली भावना है।
तारापुर विधानसभा में अपने जनसंवाद के दौरान मंत्री अशोक चौधरी ने विशेष रूप से इस बात पर प्रकाश डाला कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद पहली बार बिहार में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की व्यवस्था को वास्तविक धरातल पर लागू किया गया है और इसका श्रेय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को जाता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों के आत्मसम्मान को सशक्त करने वाला और कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने वाला है।
मंत्री अशोक चौधरी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा पिछले दो दशकों में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 2005 से पहले का बिहार विकास की मुख्यधारा से कटा हुआ था — विकास दर केवल 2.3% थी, राज्य का बजट ₹23,000 करोड़ के आसपास था, और गरीबी दर 46% थी। लेकिन आज बिहार विकास दर 10% के पार पहुंच चुका है, बजट ₹3.17 लाख करोड़ से अधिक है और गाँव-गाँव तक सड़कें, बिजली, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएँ सुलभ हो चुकी हैं। यह सब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के समर्पण, संकल्प और सतत प्रयासों का परिणाम है।
इस कार्यक्रम में मंत्री अशोक चौधरी के साथ बेलहर विधायक मनोज यादव, तारापुर विधायक राजीव कुमार सिंह जदयू के जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव भाई छोटू सिंह, मुखिया चंदन यादव, जद(यू) नेता शम्भू यादव तथा विभाग के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना की और उन्हें गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा वंचित वर्गों के लिए परिवर्तनकारी योजनाओं का जनक बताया।
मंत्री चौधरी ने अंत में कहा कि नीतीश जी का नेतृत्व केवल एक शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी सोच का सशक्त मॉडल है — जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और समावेश सुनिश्चित की जाती है। आज जब बिहार के दूरस्थ क्षेत्रों में भी योजनाएँ धरातल पर दिख रही हैं, रोजगार और सम्मान की भावना जगी है, तब हम सभी को इस विकास यात्रा को और मजबूत करने के लिए संकल्पित होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आने वाला बिहार आर्थिक उन्नति एवं आत्मनिर्भरता कि ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। आप सब से अपील है कि अपना वोट देकर बिहार के विकास कि गति बढ़ने में सहायक बनें और नीतीश कुमार के हाथ को मज़बूत करें ।