लाइव सिटीज, गया: गयाजी में विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला चल रहा है. विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले के बीच आज देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मोक्ष भूमि गयाजी पहुंच गई हैं, पितरों के मोक्ष की कामना को लेकर विष्णुपद और फल्गु अक्षयवट में पिंडदान करेंगी. उन्होंने सबसे पहले विष्णु चरण का दर्शन किया है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर गयाजी की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है. चप्पे -चप्पे पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है. जिला प्रशासन द्वारा भी राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पैतृक गांव उड़ीसा के मयूरगंज अंतर्गत आने वाला ऊपर बेड़ा गांव है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पितरों के पंडा राजेश लाल कटारियार है, जिनके पास ऊपर बेड़ा गांव के पिंडदानियों का बहीखाता है.
इतिहास में पहली बार राष्ट्रपति पद पर रहते हुए महामहिम द्रौपदी मुर्मू अपने पूर्वजों-पितरों के निमित्त पिंडदान- श्राद्ध का कर्मकांड करेंगी. इससे पहले राष्ट्रपति पद पर रहते हुए किसी भी राष्ट्रपति द्वारा पिंडदान का कर्मकांड नहीं किया गया है.