लाइव सिटीज, पटना: भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचेंगे. पटना आने के बाद बापू सभागार में उनका अभिनंदन समारोह होगा. कार्यक्रम को लेकर पटना के ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है. लेकिन लोग आने-जाने के लिए वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल कर सकते हैं.
कार्यक्रमों को लेकर एयरपोर्ट से अरण्य भवन, शेखपुरा मोड़, राजवंशी नगर, पुनाईचक, विद्युत भवन, आयकर गोलंबर, डाकबंगला चौराहा, मौर्या होटल होते हुए बापू सभागार (गांधी मैदान) और कदमकुआं स्थित सरकारी आवास और भाजपा प्रदेश कार्यालय, टेलर रोड तक के ट्रैफिक रूट में कई बदलाव किए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे के बीच यात्रा करने वाले सभी यात्रियों से अपील की गई है कि वे कम-से-कम तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें, ताकि कोई परेशानी ना हो. सगुना मोड़ दानापुर से पूरब हड़ताली मोड़ की ओर आने वाली गाड़ियों को राजा बाजार आरओबी पर अधिक दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है.
साथ ही बेली रोड पर आने वाली गाड़ियां दक्षिण में जगदेव पथ डीटीओ फुलवारीशरीफ या उत्तर में आशियाना दीघा रोड, दीघा-कुर्जी-राजापुर पुल-अशोक राजपथ का उपयोग कर सकेंगे. जगदेव पथ पर किसी भी प्रकार की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी.
