लाइव सिटीज, पटना: डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग अप्रैल महीने से पटना के 10 प्रमुख इलाकों में आधुनिक ‘फिश आउटलेट’ खोलने जा रहा है. इन आउटलेट्स की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहां न केवल आपको स्थानीय जिंदा मछलियां मिलेंगी, बल्कि मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के जरिए आप घर बैठे ‘लाइव फिश’ ऑर्डर भी कर सकेंगे.
बिहार सरकार इस योजना को पूरी तरह डिजिटल और स्मार्ट बनाने जा रही है. इसके लिए एक खास मोबाइल ऐप विकसित किया जा रहा है, जिसमें गूगल मैपिंग की सुविधा होगी. ग्राहक अपने नजदीकी आउटलेट को मैप पर देख सकेंगे और सीधा ऑर्डर प्लेस कर पाएंगे.
विभाग का मुख्य उद्देश्य मछुआरों और महिला स्वयं सहायता समूहों को सीधे बाजार से जोड़ना है, ताकि उन्हें उनके उत्पाद का सही दाम मिल सके और ग्राहकों को मिलावट मुक्त ताजी मछली मिले.अगर आप खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, तो यह आपके लिए सुनहरा मौका है. इन फिश आउटलेट्स को खोलने के लिए विभाग 80 प्रतिशत तक का अनुदान दे रहा है. नगर निगम क्षेत्र में आउटलेट स्थापित करने पर लगभग 15 हजार और नगर परिषद क्षेत्रों में 10 हजार रुपये की शुरुआती लागत का प्रावधान किया गया है.
