लाइव सिटीज, पटना: पटना को कचरा मुक्त और सुंदर बनाने की दिशा में पटना नगर निगम ने अब तक का सबसे बड़ा कदम उठाया है. शहर के सभी सर्किलों में अत्याधुनिक गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन (जीटीएस) बनाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है.
इस महायोजना के लिए निगम करीब 53 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश कर रहा है. यह प्रोजेक्ट राजधानी के शहरी ढांचे को स्मार्ट सिटी मॉडल की दिशा में आगे बढ़ाने वाला अहम कदम मानी जा रही है.
नए गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन सिर्फ कूड़ा जमा करने की जगह नहीं होंगे, बल्कि यहां कचरे का वैज्ञानिक तरीके से संग्रहण, वजन मापन और प्रोसेसिंग की व्यवस्था होगी. विशाल शेड, ड्रेनेज सिस्टम, शौचालय, गार्ड रूम और धर्मकांटा जैसी सुविधाएं पारदर्शिता और स्वच्छता सुनिश्चित करेंगी. इससे हर दिन आने वाले कचरे की सटीक निगरानी संभव होगी और अनियंत्रित ढेर की समस्या कम होगी.
स्टेशनों पर आधुनिक कॉम्पैक्टर यूनिट, हुक लोडर और कैप्सूल कंटेनर लगाए जा रहे हैं. इन मशीनों की मदद से कचरे को तेजी से संकुचित कर ट्रांसपोर्ट किया जा सकेगा. डीजी सेट की व्यवस्था से लगातार बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे काम बिना रुकावट चलता रहेगा. इससे शहर में कचरा उठाने का समय घटेगा और अंतिम प्रोसेसिंग अधिक प्रभावी होगी.
