लाइव सिटीज, गया: बिहार के गया में पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस के पहिए से आग की चिंगारी और धुआं निकलने से सनसनी फैल गई. इस दौरान यात्रियों में हडकंप मच गया. हालांकि, ट्रेन के लोको पायलट ने यहां पर सूझबूझ दिखाई और ट्रेन को तुरंत रोका गया. इसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया. करीब आधे घंटे तक जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन गया के बंधुआ स्टेशन पर खड़ी रही.
जानकारी के अनुसार पटना से गया होते हुए रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन रविवार को गया से खुली थी. गया जंक्शन से रवाना होने के बाद ट्रेन बंधुआ स्टेशन के समीप पहुंची थी. इसी क्रम में जनशताब्दी ट्रेन के एक कोच के पहिए से आग की चिंगारी और धुआं निकलने लगा जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया. यात्रियों में अफरातफरी मच गई थी.
इसकी जानकारी होते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाई. ट्रेन तुरंत बंधुआ स्टेशन पर रोका गया. जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन को रोके जाने के बाद यात्री बाहर निकले. वहीं, ट्रेन में लगे अग्निशमन यंत्र से पहिए पर छिड़काव किया गया जिससे आग की चिंगारी वाले स्थान पर काबू पाया गया. मौके पर मौजूद आरपीएफ के जवान भी तुरंत सक्रिय हो गए थे.
