HomeBiharबेऊर जेल भेजे गए पप्पू यादव, पुलिस कस्टडी में PMCH में इलाज...

बेऊर जेल भेजे गए पप्पू यादव, पुलिस कस्टडी में PMCH में इलाज होगा

लाइव सिटीज , पटना: पूर्णिया से सांसद और जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव को कोर्ट ने ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया है। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें पटना के बेऊर जेल लाया गया, जहां एंट्री के बाद इलाज के लिए उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल यानी PMCH ले जाने की तैयारी की गई है। फिलहाल अस्पताल में पुलिस कस्टडी में उनका इलाज होगा। इस मामले में अगली सुनवाई सोमवार को तय की गई है।

शनिवार सुबह पप्पू यादव को एंबुलेंस से पटना सिविल कोर्ट लाया गया था। यह कार्रवाई 31 साल पुराने एक मामले में हुई है, जिसमें धोखे से कमरा किराए पर लेने का आरोप लगाया गया है। पटना की विशेष अदालत ने इस केस में पप्पू यादव समेत तीन आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी का आदेश दिया था, जिसके बाद पुलिस ने शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे उनके पटना स्थित आवास से उन्हें गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के दौरान पप्पू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। हालांकि कुछ देर बाद पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर चली गई। इस दौरान पप्पू यादव ने कहा, “मुझे नहीं पता मेरा क्या होगा।” गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पटना और आरा समेत कई जगहों पर समर्थक सड़कों पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया। आरा में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला भी फूंका।

इस गिरफ्तारी पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह आवाज दबाने की कोशिश है। वहीं प्रियंका गांधी ने भी गिरफ्तारी के विरोध में पोस्ट कर सरकार पर सवाल उठाए हैं।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद NEET छात्रा के परिवार ने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जहानाबाद में छात्रा के पिता ने कहा कि जो लोग सच्चाई को उजागर कर रहे हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उनका आरोप है कि पप्पू यादव को साजिश के तहत गिरफ्तार किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments