लाइव सिटीज, पटना: भारत में नार्वे की राजदूत एम. एलीन स्टेनर इन दिनों अपनी टीम के साथ बिहार के दौरे पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन के तहत संचालित महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज एवं बुनियादी संरचना से जुड़ी योजनाओं का अवलोकन करना है।
इसी क्रम में आज नार्वे दूतावास की प्रतिनिधि सुश्री एस्पर असीन, पटना नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर श्री रामाशीष तिवारी एवं पटना नगर निगम के जनाब आरिफ जी ने बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री डॉ. अशोक चौधरी से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाक़ात की।
इस दौरान बिहार में महिलाओं के लिए चल रही योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई, जिनमें पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को एकल पदों पर आरक्षण, महिला पुलिस बल में सहभागिता में वृद्धि, जीविका के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों का सशक्तिकरण, बालिका साइकिल योजना, कन्या उत्थान योजना, छात्रवृत्ति आदि शामिल हैं।
मंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार ने सामाजिक न्याय और बुनियादी विकास दोनों मोर्चों पर ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है।
राजदूत प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार के “न्याय के साथ विकास” के सुशासन मॉडल की सराहना की और इसे “समावेशी विकास का अनुकरणीय उदाहरण” बताया।इस अवसर पर मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने यशस्वी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जीवन और कार्यों पर आधारित स्वलिखित पुस्तक “बिहार का गांधी: नीतीश कुमार” की प्रति राजदूत प्रतिनिधिमंडल को स्मृति-स्वरूप भेंट की।राजदूत प्रतिनिधिमंडल के आगमन एवं संवाद के लिए मंत्री अशोक चौधरी ने उनका हृदय से स्वागत और आभार प्रकट किया हैं।