लाइव सिटीज, पटना: आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनता दरबार के माध्यम से बिहार सरकार के माननीय मंत्री अशोक चौधरी ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए आमजन, कार्यकर्ताओं एवं स्नेहिजनों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार के उपरांत चौधरी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने बीते 20 वर्षों में बिहार को जंगलराज से निकालकर विकास की मुख्यधारा में ला खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि जहां विपक्ष की सोच चरवाहा विद्यालय तक सीमित थी, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच के तहत प्रदेश में ITI, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों की स्थापना की गई।
उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव और उनके पिता लालू प्रसाद यादव को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने अपने कार्यकाल में बिहार के लिए क्या किया। इसके विपरीत, नीतीश कुमार जी ने मात्र ₹24,000 करोड़ के बजट वाले बिहार को ₹3.25 लाख करोड़ के बजट वाला विकसित राज्य बनाया।
चौधरी ने यह भी बताया कि नीतीश सरकार ने विभिन्न विभागों का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए हैं, जिससे राज्य के हर वर्ग और क्षेत्र को लाभ मिला है। उन्होंने दोहराया कि आज का बिहार प्रगति, पारदर्शिता और जनकल्याण का पर्याय बन चुका है और इसका श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्षम और ईमानदार नेतृत्व को जाता है।जनता दरबार में उनके साथ पूर्व एमएलसी श्री सतीश कुमार, जदयू प्रदेश महासचिव छोटू सिंह और नवीन आर्य भी मौजूद रहे