लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों ने सियासी गलियारों में भूचाल ला दिया है। जैसे ही यह चर्चा सार्वजनिक हुई, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अंदर भी विरोध के स्वर खुलकर सामने आने लगे। बढ़ते राजनीतिक तनाव को देखते हुए प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा कड़ी कर दी है। सीएम हाउस के दोनों मुख्य गेटों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं आसपास के इलाकों में भी पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। उन्होंने खुद इसकी घोषणा कर दी है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के के जरिए उच्च सदन का सदस्य बनने की अपनी पुरानी चाहत का जिक्र किया। उन्होंने बिहारवासियों का आभार जताया। नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को विश्वास दिलाया कि पहले की तरह वह बिहार को विकसित बनाने का अपना संकल्प पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फेसबुक पोस्ट में लिखा है, ‘पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।’
नीतीश कुमार लिखते हैं, “संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।”
वह कहते हैं कि- मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
