लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से राजनीति में कदम रख दिया है. 8 मार्च को उन्होंने जदयू की सदस्यता ली. सदस्यता लेने के बाद उन्होंने पिता का आशीर्वाद लिया और पार्टी के लिए पूरी मेहनत से काम करने का भरोसा दिया.
निशांत पटना के कंकड़बाग स्थित मंजु सिंह पार्क पहुंचे. यहां उन्होंने अपनी मां मंजु सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस दौरान निशांत भावुक भी नजर आए. उन्होंने कहा कि यहां उनकी मां की प्रतिमा है और वे आशीर्वाद लेने आए हैं. उन्होंने कहा कि मां की बहुत याद आ रही है. उनका आशीर्वाद मेरे ऊपर बना रहे. उनकी कमी हमेशा महसूस होती है. अगर वह आज होतीं तो और अच्छा लगता.
निशांत कुमार ने कहा कि वह जल्द ही बिहार के सभी 38 जिलों का दौरा करेंगे. उन्होंने बताया कि अभी इसकी योजना बनाई जा रही है. उनका मकसद पार्टी संगठन को मजबूत करना और लोगों से सीधे जुड़ना है.पत्रकारों ने उनसे पूछा कि कुछ कार्यकर्ता चाहते हैं कि वह भविष्य में मुख्यमंत्री बनें. इस सवाल पर निशांत मुस्कुराए और बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए. उन्होंने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की.
