लाइव सिटीज, नालंदा: नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित मधड़ा शीतला मंदिर में मंगलवार को हुए दर्दनाक भगदड़ में 8 लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में चार पुजारियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दीपनगर थाना में कुल 40 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें 20 नामजद और 20 अज्ञात शामिल हैं।
जिन पुजारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उनके नाम निरंजन कुमार, अनुज पांडेय, मिथिलेश पंडित और विवेकानंद है। आरोप है कि पुजारी पैसे लेकर लोगों को दर्शन कराने में लग गए थे। इसी के चलते भीड़ बढ़ी और ये भयानक हादसा हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब चैत्र माह के अंतिम मंगलवार के अवसर पर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।
मंदिर परिसर में करीब 20 से 25 हजार लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। लेकिन भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने, संकरे रास्ते और अव्यवस्थित प्रवेश-निकास व्यवस्था के कारण अचानक मघड़ा शीतला मंदिर में भगदड़ मच गई। इस घटना में कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं हैं, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
