लाइव सिटीज,, पटना: एनडीए खेमे से एक और बड़ा संकेत सामने आया है, जिसने इस चर्चा को और भी दिलचस्प बना दिया है। केंद्रीय मंत्री और गया के सांसद जीतन राम मांझी ने इशारों-इशारों में साफ कर दिया है कि आने वाले समय में बिहार की राजनीति किस दिशा में जा सकती है।
दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान गया पहुंचे थे। इस दौरान मंच से बोलते हुए मांझी ने एक ऐसा बयान दिया, जिसने सियासी हलकों में हलचल बढ़ा दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बाद जो भी बिहार का मुख्यमंत्री बनेगा, उसे उनके बताए रास्ते पर ही चलना होगा। अगर कोई ऐसा नहीं करता है, तो वह ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाएगा।
मांझी ने साफ तौर पर कहा कि “जब हमारे मुख्यमंत्री बाहर जाएंगे, तो जो भी नया सीएम आएगा, उसे नीतीश जी के पदचिह्नों पर चलना ही होगा, नहीं तो उसका गुजारा नहीं होगा।” हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर “सम्राट मॉडल” या सम्राट चौधरी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका यह बयान मौजूदा बहस के संदर्भ में काफी अहम माना जा रहा है।
अपने संबोधन में मांझी ने क्षेत्रीय समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि हर ब्लॉक में एक डिग्री कॉलेज खोलने की योजना को उनके क्षेत्र में भी लागू किया जाए, क्योंकि कई इलाकों में आज भी उच्च शिक्षा की सुविधा नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने सिंचाई की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि यहां पानी की भारी कमी है, जिसे दूर करना बेहद जरूरी है।
