HomeBiharराजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का बड़ा एक्शन, अंचल कार्यालयों में दलालों...

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का बड़ा एक्शन, अंचल कार्यालयों में दलालों पर FIR के निर्देश, हर ऑफिस में लगेंगे CCTV

लाइव सिटीज, पटना: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य भर के कार्यालयों में दलालों और अवैध मुंशियों के बढ़ते हस्तक्षेप पर सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने साफ निर्देश जारी करते हुए कहा है कि भू-माफियाओं और बिचौलियों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल ने सभी समाहर्ताओं को पत्र लिखकर व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि ‘समृद्धि यात्रा’ और ‘भूमि सुधार जन कल्याण संवाद’ कार्यक्रम के दौरान कई जिलों से गंभीर शिकायतें सामने आईं। खासकर नगर क्षेत्रों में हलका कर्मचारियों द्वारा अनौपचारिक रूप से ‘सहायक मुंशी’ रखे जाने की बात उजागर हुई है, जो सरकारी कामकाज में दखल देकर आम लोगों से अवैध वसूली करते हैं।

इतना ही नहीं, पटना के संपतचक इलाके में समानांतर कार्यालय चलने की जानकारी भी विभाग को मिली है, जिसे बेहद गंभीर माना गया है।प्रधान सचिव ने निर्देश दिया है कि सभी अंचल कार्यालयों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इसके लिए विभाग की ओर से राशि पहले ही जारी की जा चुकी है।

साथ ही समाहर्ताओं और अपर समाहर्ताओं को स्पष्ट आदेश दिया गया है कि क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान यदि किसी दलाल या अवैध मुंशी की पहचान होती है तो तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विभाग का कहना है कि इस पहल से जमीन संबंधी मामलों में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments