लाइव सिटीज, रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में कैमूर पहाड़ी पर स्थित ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किला तक जाने के लिए बन रहा रोपवे ट्रायल के दौरान ही धराशाई हो गया. यह हादसा रोहतास के अकबरपुर इलाके में हुआ, जहां रोपवे का परीक्षण किया जा रहा था. ट्रायल के समय रोपवे के कई पिलर अचानक उखड़ गए और यात्रियों को बैठाने वाला केबिन-डोला टूटकर नीचे गिर गया. देखते ही देखते पूरा ढांचा जमीन पर आ गिरा.
गनीमत यह रही कि ट्रायल के दौरान केबिन में कोई भी व्यक्ति सवार नहीं था, जिस कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. अगर केबिन में लोग होते तो बड़ा हादसा हो सकता था. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काम कर रहे कर्मचारी व अधिकारी सकते में आ गए.
जानकारी के मुताबिक, रोपवे का ट्रायल अभियंताओं और तकनीकी विशेषज्ञों की मौजूदगी में किया जा रहा था. जैसे ही खाली केबिन को अकबरपुर की ओर से रोहतासगढ़ किला की दिशा में भेजा गया, वह थोड़ी ही दूरी पर पहुंचा था कि अचानक रोपवे का एक पिलर गिर पड़ा. इसके बाद एक के बाद एक कई पिलर जमीन पर गिरते चले गए.
