लाइव सिटीज, मुंगेर: उप मुख्यमंत्री सह राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने साफ कहा है कि जमीन से जुड़े विवादों को अब सिर्फ कागजों पर नहीं बल्कि जमीन पर खत्म किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसे विवाद कई अन्य समस्याओं को जन्म देते हैं, इसलिए इन्हें जड़ से खत्म करना जरूरी है.
मुंगेर स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने बताया कि यह उनका 10वां जनसंवाद है, जिसमें हजारों आवेदन मिल चुके हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीबों को उनका हक दिलाना और बेघर लोगों को आवास उपलब्ध कराना है.
डिप्टी CM ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. फर्जी दस्तावेजों के जरिए विवाद पैदा करने वालों पर तुरंत FIR दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं.
राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर विजय सिन्हा ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना डर शिकायत करें. शिकायत करने वालों को सम्मानित करने की भी बात कही गई, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ माहौल बनाया जा सके.
राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ती जन अपेक्षाओं के बीच हड़ताल और तालाबंदी अराजकता का प्रतीक है. उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर सरकार वैकल्पिक व्यवस्था करने से पीछे नहीं हटेगी.
