लाइव सिटीज, पटना: बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बीच राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि उनके बेटे तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना सुनिश्चित किया जाए। दरअसल लालू प्रसाद यादव पार्टी की राज्य परिषद को संबोधित कर रहे थे, जिसमें मंगनी लाल मंडल को आम सहमति से बिहार इकाई का प्रमुख चुने जाने की औपचारिक घोषणा की गई।
इस दौरान राजद प्रमुख ने कहा, ‘‘आपको यह सुनिश्चित करने के लिए काम करना चाहिए कि (विधानसभा) चुनाव में नीतीश कुमार और आरएसएस को बाहर कर दिया जाए। तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनना चाहिए।
उन्होंने यह आरोप लगाया कि ‘‘आरएसएस के लोगों ने कर्पूरी ठाकुर को गाली दी और उनकी सरकार गिरा दी।’’ पूर्व मुख्यमंत्री और ओबीसी नेता ठाकुर को पिछले साल केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया था। ठाकुर को प्रसाद और नीतीश, दोनों अपना मार्गदर्शक मानते हैं।