HomeBiharजीतन राम मांझी का बयान- बड़े तस्करों को मिल रहा बाईपास, पाव...

जीतन राम मांझी का बयान- बड़े तस्करों को मिल रहा बाईपास, पाव भर शराब वालों को मत पकड़ो…

लाइव सिटीज, पटना: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपनी ही गठबंधन सरकार की पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मांझी ने कहा है कि जो लोग शांतिपूर्वक पाव भर शराब लेकर अपने घर जा रहे हैं या अतिथियों के लिए ले जा रहे हैं, पुलिस उन्हें परेशान करना बंद करे.उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस छोटे लोगों को जेल भेज रही है, जबकि हजारों लीटर का काला कारोबार करने वाले बड़े माफियाओं को ‘बाईपास’ दे दिया जाता है.

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का ने कहा कि शराबबंदी नीति अच्छी है, लेकिन इसे लागू करने का तरीका पूरी तरह दोषपूर्ण है. मांझी के अनुसार, आज बिहार की जेलों में लाखों गरीब लोग बंद हैं, जो सिर्फ थोड़ी मात्रा में शराब के साथ पकड़े गए थे.उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि असली तस्कर तो पुलिस की नाक के नीचे से निकल जाते हैं और गाज गिरती है केवल उन पर जिनके पास रसूख नहीं है.

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा शराबबंदी को 40 हजार करोड़ की ‘समानांतर अर्थव्यवस्था’ बताने पर मांझी ने पलटवार किया. उन्होंने तेजस्वी के आरोपों को “चोर मचाए शोर” करार देते हुए कहा कि जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, उनके अपने लोग ही बालू और शराब माफियाओं से जुड़े हैं.

मांझी ने आरोप लगाया कि राजद के लोग माफियाओं से करोड़ों का चंदा लेते हैं और खुद को पाक-साफ दिखाने के लिए सरकार को घेर रहे हैं. उन्होंने साफ किया कि जब-जब उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस नीति की समीक्षा की बात कही है, मुख्यमंत्री ने उस पर सकारात्मक रुख दिखाया है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments